ऊंची सड़क का नाम स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर रखने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा

मोदीनगर,( अनिल वशिष्ठ)। मातृभूमि सेवा संघ ने मोदीनगर की ऊंची सड़क का नाम स्वतंत्रता सेनानी स्व. सूरजपाल आर्य के नाम पर रखने की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद मोदीनगर के अध्यक्ष विनोद वैशाली को ज्ञापन सौंपा।संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि भूपेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी स्व. सूरजपाल आर्य स्वतंत्रता संग्राम के साहसी सेनानी थे। जिन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जेल यात्राएं कीं और देश की आज़ादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी के सम्मान में इस सड़क का नाम “स्वतंत्रता सेनानी स्व. सूरजपाल आर्य मार्ग” रखा जाना क्षेत्र के लिए गौरव की बात होगी और आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान से प्रेरणा मिलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस प्रस्ताव को नगर पालिका परिषद की बोर्ड मीटिंग में भेजा जाएगा तथा उसे पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मातृभूमि सेवा संघ के विकास भारतीय, मोहित सोनी, नीरज शर्मा, पवन चौधरी, सिद्धार्थ ठाकुर, तेजा सिंह, प्रकाश बोहरा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


