गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी पर्व पर सजा भव्य दीवान, संतों ने किया गुरु महिमा का बखान

दो दिवसीय समागम का श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ समापन, गुरुवाणी सुनकर निहाल हुई संगत
वेलकम इंडिया पीलीभीत
अमरिया/पीलीभीत।क्षेत्र के गुरुद्वारा नानकसर बड़ापुरा भैंसहा में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक समागम का गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ समापन हो गया। समागम के अंतिम दिन देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे संतों, रागी और ढाडी जत्थों ने गुरुवाणी के माध्यम से गुरु साहिब के त्याग, तपस्या और महान बलिदान का स्मरण कराया। गुरु महिमा का भावपूर्ण बखान सुनकर संगत निहाल हो उठी। कार्यक्रम के दौरान विशाल लंगर का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।समागम के दूसरे दिन सुबह श्री गुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाश के उपरांत विधिवत दीवान सजाया गया। इसके बाद धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। संत बाबा नरेंद्र सिंह नांदेड़ महाराष्ट्र हजूर साहिब वालों ने गुरु साहिब की महिमा का वर्णन करते हुए उनके जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब का जीवन मानवता, धर्म की स्वतंत्रता और सत्य की रक्षा के लिए किए गए अद्वितीय संघर्ष का प्रतीक है। उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।इस दौरान बीबी दिलेर कौर खालसा ढाडी जत्था पंजाब, भाई गुरप्रीत सिंह लाडरा ढाडी जत्था, बाबा सतनाम सिंह खुबिया नगला, जत्थेदार बाबा गुरप्रीत सिंह और जत्थेदार बाबा मोहन सिंह ने गुरुवाणी एवं धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से गुरु साहिब के जीवन का वर्णन किया। वक्ताओं ने संगत को गुरु शब्द से जुड़ने, सेवा, सिमरन और मानवता के कल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।दो दिवसीय समागम में आसपास के क्षेत्रों के साथ दूरदराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान गुरुद्वारा परिसर गुरु वाणी और जो बोले सो निहाल के जयकारों से गूंजता रहा।इस अवसर पर सुखविंदर सिंह एमए, कथा वाचक जसवीर सिंह, डॉक्टर जगतार सिंह, चरणजीत सिंह, करमजीत सिंह सोनी, हरपाल सिंह, विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



