सड़क सुरक्षा अभियान में 86 वाहनों का चालान, दो ऑटो सीज

ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को चौराहों से 100 मीटर दूर वाहन खड़ा करने के निर्देश।
वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के 11वें दिन बृहस्पतिवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 86 वाहनों का चालान किया गया। इनमें हेलमेट, सीटबेल्ट, ट्रिपलिंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले वाहन शामिल रहे। एआरटीओ संजय कुमार सिंह द्वारा फिटनेस फेल होने पर दो वाहनों को निरुद्ध किया गया। इस अभियान के तहत एआरटीओ ने परिवहन कार्यालय में ई-रिक्शा, ऑटो और बस यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसमें ई-रिक्शा और ऑटो के कारण लगने वाले जाम की समस्या पर चर्चा हुई। चालकों को निर्देश दिया गया कि किसी भी चौराहे पर वाहन खड़ा न करें। चौराहे से 100 मीटर पहले या बाद ही वाहन रोकें। चौराहे पर यात्रियों को उतारने और बैठाने पर भी रोक लगाई गई। इसके बाद सीओ यातायात राजकुमार सिंह और टीआई अजय सिंह यादव की मौजूदगी में सनई चौराहे पर अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़े ऑटो और ई-रिक्शा हटवाए गए। फिटनेस फेल होने पर दो ऑटो को बंद कराया गया।



