पूर्वोत्तर रेलवे,वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन के साथ संरक्षा बैठक आयोजित

(संतोष कुमार सिंह )
वाराणसी :- मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन की अध्यक्षता में 19 नवम्बर 2026 गुरुवार को मंडल कार्यालय के भारतेन्दु सभा कक्ष में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के साथ संरक्षा बैठक आयोजित की गई | बैठक में रेल दुर्घटनाओं एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई | बैठक में एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन के निरीक्षक श्री यादव कृष्णा कुमार ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पुल,सुरंग एवं नदी के पुल पर रेल दुर्घटना,टक्कर,आग लगने तथा भूकम्प एवं बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की प्रक्रिया समझाई | उन्होंने दुर्घटना स्थल पर शीघ्र पहुंचने,घायलों को सुरक्षित निकालने तथा अधिकतम जीवन बचाने के लिए अपनाई जाने वाली तकनीकों की जानकारी दी | साथ ही रेलवे अधिकारियों से आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए |
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि किसी भी दुर्घटना में जनहानि को न्यूनतम करने के लिए राहत एवं बचाव दल का घटनास्थल पर कम से कम समय में पहुंचना अत्यंत महत्वपूर्ण है | उन्होंने पूर्व की रेल दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दुर्घटना के समय स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी पीड़ितों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होता है | इसलिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेलवे लाइन एवं स्टेशनों के आसपास रहने वाले नागरिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देना उपयोगी होगा | बैठक में उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए |
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा,अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह,वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव,वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ऑपरेशन) अजय कुमार,वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (TRD) सौरभ राठौर,वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समाडि) अभिषेक राय,वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी,मंडल चिकित्सा अधिकारी आशीष गुप्ता,मंडल परिचालन प्रबंधक राजेश पाण्डेय,मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक सुरक्षा आयुक्त एन.एम.यादव,बनारस कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर कुमार तथा एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट रवि सिंह एवं निरीक्षक श्री यादव कृष्णा सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे ||

