ग़ाज़ियाबाद

झुका पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त, नगर निगम की लापरवाही पर लोगों में रोष

साहिबाबाद। नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा बुधवार दोपहर शक्तिखंड-3 और 4 के बीच मार्ग से गुजर रहे लोगों को भुगतना पड़ा। सड़क किनारे खड़ा एक झुका हुआ पेड़ अचानक कार पर जा गिरा। हादसे के समय चालक कार में मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार भी पेड़ की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। शक्तिखंड निवासी दीपा तोमर ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शक्तिखंड-3 से शक्तिखंड-4 की ओर जाने वाले मार्ग पर पेड़ अचानक सड़क किनारे खड़ी कार पर गिर गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेड़ काफी समय से झुका हुआ था और इसकी शिकायत दो दिन पहले नगर निगम अधिकारियों से फोटो के साथ की गई थी। इसके बावजूद समय रहते पेड़ की छंटाई या उसे हटाने की कार्रवाई नहीं की गई। हादसे के बाद लोगों ने तत्काल नगर निगम अधिकारियों को सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने उद्यान विभाग के सुपरवाइजर पंकज पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। लोगों के मुताबिक कई बार फोन करने के बाद वह मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पेड़ को काटकर हटाने का काम शुरू किया गया। पेड़ हटाने की कार्रवाई में करीब चार घंटे लग गए। इस दौरान मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद रहा और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने कहा कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई की जाती तो हादसा टाला जा सकता था। उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि सभी कर्मचारियों को पेड़ों की छंटाई और देखभाल के संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं। कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button