चीनी की कालाबाजारी रोकने को पांचों तहसीलों में छापेमारी, स्टॉक की जांच

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। चीनी की कालाबाजारी और जमाखोरी पर नियंत्रण के लिए सोमवार को जिले की पांचों तहसीलों में प्रशासन की टीमों ने छापेमारी कर थोक एवं फुटकर विक्रेताओं के यहां उपलब्ध स्टॉक की जांच की। जिलाधिकारी के निर्देश पर बांसी तहसील में उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी और जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने चीनी के थोक व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर स्टॉक का सत्यापन किया। जांच के दौरान व्यापारियों के गोदामों में चीनी निर्धारित स्टॉक सीमा के भीतर मिली।
अधिकारियों ने व्यापारियों को गोदाम में उपलब्ध चीनी का प्रतिदिन स्टॉक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही थोक और फुटकर कीमतों में उचित अंतर रखने तथा फुटकर दुकानदारों को अनावश्यक रूप से अधिक कीमत पर चीनी नहीं बेचने की हिदायत दी गई। प्रशासन की ओर से गठित टीमों ने जिले की सभी पांचों तहसीलों में चीनी के स्टॉक की जांच की। व्यापारियों को प्रत्येक शुक्रवार को चीनी के स्टॉक का विवरण ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। चीनी की कीमत या कालाबाजारी से संबंधित शिकायत मोबाइल नंबर 9565772025 पर की जा सकती है।



