हाईटेक कॉलेज के पास कारोबारी से 24.85 लाख की लूट, तीन आरोपी हिरासत में-मेरठ से ही कारोबारी की गाड़ी का पीछा कर रहे थे आरोपी, पुलिस जल्द करेगी पूरे गिरोह का खुलासा

गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम हाईटेक कॉलेज के पास थार सवार कारोबारियों से 24.85 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मेरठ से ही थार का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही एक्सप्रेसवे पर गाड़ी रुकवाकर तमंचे के बल पर नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर लूट की रकम, वारदात में शामिल अन्य लोगों और पूरी साजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है। जानकारी के अनुसार मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र निवासी नईमुद्दीन कचरा प्रोसेसिंग की यूनिट चलाते हैं। शुक्रवार शाम उनका बेटा गिलमान अपने चचेरे भाई समद और साथी सलीम के साथ थार गाड़ी से मेरठ से दिल्ली के जाफराबाद जा रहा था। उनके साथ करीब 24.85 लाख रुपये की नकदी थी। यह रकम दिल्ली निवासी उनके साझेदार गयूर को दी जानी थी। बताया गया कि जैसे ही थार दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वेव सिटी थाना क्षेत्र में हाईटेक कॉलेज के पास पहुंची, पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी का पीछा करते हुए उसे ओवरटेक किया और आगे अपनी गाड़ी लगा दी। आरोपियों ने थार सवार लोगों को एक लड़की को भगाकर गाड़ी में छिपाने का आरोप लगाते हुए डराया-धमकाया और गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद स्कॉर्पियो से उतरे बदमाशों ने तमंचे के बल पर थार में रखी नकदी अपने कब्जे में ले ली। अचानक हुई इस वारदात से कारोबारी और उसके साथी घबरा गए। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से दिल्ली की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पीडि़तों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वेव सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस ने मेरठ से लेकर घटनास्थल और दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे कैमरों की फुटेज को खंगाला। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और पता चला कि एक स्कॉर्पियो के साथ एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार भी थार का पीछा कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्ध वाहनों की पहचान कर उनका पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीमों ने दबिश देकर वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर को बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पुलिस घटना में उनकी भूमिका और लूट की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। वारदात में इस्तेमाल दोनों गाडिय़ां बरामद कर ली गई हैं और तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूट की रकम के संबंध में भी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने मेरठ से ही कारोबारी की थार का पीछा करना शुरू कर दिया था। इससे पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को नकदी ले जाने की जानकारी पहले से थी। अब पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कारोबारियों के बारे में आरोपियों को जानकारी कैसे मिली और क्या वारदात में किसी परिचित या मुखबिर की भूमिका थी। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस पहलू को भी खंगाल रही है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे जैसे व्यस्त मार्ग पर हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि वारदात का जल्द ही पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया जाएगा और लूट की रकम बरामद करने के साथ घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

