ग़ाज़ियाबाद

इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर गाजियाबाद का कदम, मयंक गोयल ने लॉन्च की महिंद्रा बीई 6

गाजियाबाद। स्वच्छ ऊर्जा, आत्मनिर्भर भारत और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में कदम बढ़ाते हुए रविवार को गाजियाबाद स्थित शिव महिंद्रा शोरूम में महिंद्रा की आधुनिक इलेक्ट्रिक एसयूवी बीई 6 को लॉन्च किया गया। भाजपा गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने वाहन का अनावरण किया। इस दौरान करण शर्मा समेत शोरूम के प्रतिनिधि और वाहन प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शोरूम मैनेजर सौरव खन्ना ने मयंक गोयल को वाहन की आधुनिक तकनीक, सुविधाओं, प्रदर्शन क्षमता और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जुड़ी खूबियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीई 6 को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वाहन की रेंज लगभग 500 से 600 किलोमीटर तक बताई गई है, जिसके चलते यह लंबी दूरी के सफर के लिए भी उपयोगी विकल्प हो सकता है। सौरव खन्ना ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहन को घरेलू चार्जिंग व्यवस्था के माध्यम से भी चार्ज किया जा सकता है। इससे पेट्रोल और डीजल पर होने वाले पारंपरिक ईंधन खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन लागत और विदेशी तेल पर निर्भरता को कम करने में इलेक्ट्रिक वाहनों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। इस अवसर पर मयंक गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वच्छ ऊर्जा, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में आगे बढऩे का आह्वान किया है। इलेक्ट्रिक वाहन अब केवल आधुनिक तकनीक का विकल्प नहीं, बल्कि स्वच्छ भविष्य और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की आवश्यकता बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के लिए विदेशी तेल पर निर्भरता कम करना देश की अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। महिंद्रा बीई 6 जैसे आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन इस बदलाव को गति देने में उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का है और देश को ऐसी तकनीकों को अपनाने की जरूरत है, जो ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के साथ पर्यावरण की भी रक्षा करें। मयंक गोयल ने कहा कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी केवल आवागमन का माध्यम नहीं रहेगी, बल्कि स्वच्छ हवा, कम ईंधन निर्भरता और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बनेगी। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के लिए आधुनिक एवं स्वच्छ परिवहन विकल्पों को बढ़ावा देने की अपील की। कार्यक्रम में करण शर्मा, शोरूम मैनेजर सौरव खन्ना सहित शिव महिंद्रा शोरूम के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वाहन प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button