मुख्यमंत्री से मिले कपिलवस्तु विधायक, क्षेत्र के विकास कार्यों पर हुई चर्चा

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्यामधनी राही ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया। विधायक ने मुख्यमंत्री को कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने तथा विभिन्न लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के संबंध में भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और विकास की गति बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
भेंट के बाद विधायक श्यामधनी राही ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सभी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।



