ग़ाज़ियाबाद

मतदाता सूची में नाम नहीं तो शनिवार-रविवार को बूथ पर पहुंचे, छूटे लोगों को मिलेगा मौका

गाजियाबाद। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए लोगों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोडऩे के लिए जिले में शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। 24 और 25 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे। प्रशासन ने पात्र मतदाताओं से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र लोगों के नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाया जाएगा। वहीं, मतदाता सूची में नाम अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने या निवास स्थान बदलने की स्थिति में फार्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत तैयार एएसडीडी सूची में शामिल ऐसे व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा, जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। सत्यापन में पात्र पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति से फार्म-6 भरवाकर नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रशासन का जोर पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सूची में शामिल करने पर है। अंजनी कुमार सिंह ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करें और उनके कार्यों की निगरानी करें। सुपरवाइजर क्षेत्र में भ्रमण कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के आवेदन जमा कराने में भी सहयोग करेंगे। इसके अलावा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने क्षेत्रों में अभियान का प्रचार-प्रसार कराते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। जिन विभागों के कर्मचारियों को बीएलओ के रूप में नियुक्त किया गया है, उनके कार्यालयाध्यक्षों को भी 24 और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और नाम दर्ज नहीं होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button