महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के विरोध में सपा का जोरदार प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा सौंपकर

– सनी कुमार केशरवानी
संवाददाता, प्रयागराज
प्रयागराज, करछना। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में बुधवार को करछना तहसील मुख्यालय पर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, लगातार हो रहे पेपर लीक, गैस सिलेंडर तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों सहित जनसामान्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विशाल रैली एवं प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) करछना को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पप्पू लाल निषाद के नेतृत्व एवं वरिष्ठ नेता इंजीनियर दिवाकर प्रसाद द्विवेदी की उपस्थिति में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की।
सभा को संबोधित करते हुए इंजीनियर दिवाकर प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। वहीं बेरोजगारी और बार-बार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार सृजन और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष को और तेज करेगी। प्रदर्शन के उपरांत पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम करछना को ज्ञापन सौंपकर जनहित के मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनसमस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



