मगरमच्छ ने 14 वर्षीय बच्ची को बनाया शिकार।

हादसे के बाद पूरे इलाके में पसरा सन्नाटा।
धौलपुर राजस्थान । जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां चंबल नदी में मगरमच्छ के हमले से 14 साल की एक मासूम बच्ची की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में मगरमच्छों के बढ़ते खतरे को लेकर भारी दहशत और आक्रोश है। घटना बुधवार की है, जब राजघाट गांव निवासी दीनदयाल की 14 वर्षीय पुत्री भारती रोज की तरह अपने मवेशियों को पानी पिलाने चंबल नदी पर गई थी। बताया जा रहा है कि मवेशियों को पानी पिलाने के बाद जब वह अपनी भैंस को नदी से बाहर निकाल रही थी, तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मगरमच्छ ने बच्ची को पकड़कर नदी के अंदर खींच लिया। मौके पर मौजूद दो अन्य बच्चियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और भारती को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन मगरमच्छ के सामने उनकी हर कोशिश बेबस साबित हुई।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद बच्ची को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। भारती की मौत हो चुकी थी। इस दर्दनाक घटना को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। सूचना मिलते ही चंबल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे के बाद राजघाट और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और मगरमच्छों के खतरे से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।



