थाना दुधारा के करही गांव में खूनी संघर्ष; लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला, एक ही परिवार के 5 लोग गंभीर घायल……..

संतकबीरनगर-
थाना क्षेत्र के करही गांव में बुधवार की शाम पारिवारिक विवाद को लेकर दबंगों ने एक ही परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव करने आई महिलाओं और बच्चों समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों और सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) सेमरियावां पहुंचाया, जहाँ से एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
—गाली देने से मना करने पर लाठी-डंडों और हथियारों से टूट पड़े हमलावर
दुधारा थानाध्यक्ष को दी गई तहरीर में करही गांव निवासी पीड़ित अब्दुल कलाम पुत्र मोहम्मद कासिम ने बताया कि दिनांक 20 मई 2026 की शाम करीब 6:00 बजे पारिवारिक वाद-विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोग गोलबंद होकर आए और उन्हें मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगे। जब पीड़ित ने गाली देने से मना किया, तो आरोपी आगबबूला हो गए और पहले से तैयार लाठी, डंडों व धारदार हथियारों से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया।
बीच-बचाव करने आए पत्नी और मासूम बच्चों को भी बेरहमी से पीटा
पीड़ित अब्दुल कलाम को पिटता देख जब उनके परिवार के लोग बीच-बचाव करने दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी रहम नहीं खाया। आरोपियों ने अब्दुल कलाम की पत्नी खालिदा खातून, बेटे मोहम्मद उजैफा व मोहम्मद हारिस, और बेटी उम्मे असरा को भी बेरहमी से मारपीट कर लहुलूहान कर दिया। घटना के समय मौके पर मौजूद तमाम ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़ित परिवार की जान बचाई। जाते-जाते हमलावर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे गए।
—महिला के सिर में आई गंभीर चोट
इस हिंसक झड़प में अब्दुल कलाम के पूरे परिवार को काफी चोटें आई हैं। घायलों में खालिदा खातून (पत्नी अब्दुल कलाम) के सिर में धारदार हथियार या लाठी से गंभीर चोट लगने के कारण सीएचसी सेमरियावां के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों की मानें तो अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
—इन लोगों के खिलाफ पुलिस को दी गई तहरीर
पीड़ित अब्दुल कलाम ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। घटना में मुख्य रूप से मोहम्मद अदनान पुत्र अब्दुस सलाम, आलिया खातून पत्नी अब्दुस सलाम,अफरा सदफ पुत्री अब्दुस सलाम,आतिफा पुत्री अब्दुस सलाम
—कानूनी कार्रवाई का भरोसा:
इस पूरे मामले के संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित तहरीर पुलिस को मिल चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी व उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




