शहर-राज्य

70 दिन में 70 वार्ड तक पहुंची स्वास्थ्य सुरक्षा यात्रा, 2.5 लाख लोगों में NCD जागरूकता का संदेश

मुरादाबाद। सिद्ध मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल और नगर निगम मुरादाबाद द्वारा संचालित “स्वास्थ्य सुरक्षा यात्रा – 70 दिन, 70 वार्ड, एक मिशन” अभियान के तहत शहर के सभी 70 वार्डों में गैर-संचारी रोगों (NCD) की रोकथाम और जागरूकता का व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 2.5 लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाया गया तथा करीब 4,000 लोगों के स्वास्थ्य आंकड़ों का अध्ययन किया गया।

अभियान के तहत चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, लैब विशेषज्ञों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने वार्ड स्तर पर स्वास्थ्य जांच, जोखिम मूल्यांकन, परामर्श और फॉलो-अप की प्रक्रिया अपनाई। अध्ययन में 3,593 वयस्कों के विश्लेषण के आधार पर 61.9 प्रतिशत लोग मॉडरेट रिस्क और 19.9 प्रतिशत लोग हाई रिस्क श्रेणी में पाए गए। इस प्रकार कुल 81.8 प्रतिशत प्रतिभागियों में भविष्य में गंभीर बीमारियों का जोखिम सामने आया।

रिपोर्ट के अनुसार 34.5 प्रतिशत लोगों में उच्च रक्तचाप, 26.2 प्रतिशत में बढ़ी हुई ब्लड शुगर तथा 55.8 प्रतिशत लोगों में बढ़ा हुआ BMI दर्ज किया गया। 30 से 45 वर्ष आयु वर्ग में भी स्वास्थ्य जोखिम के संकेत मिले, जिससे विशेषज्ञों ने युवाओं में समय रहते जांच और जीवनशैली सुधार की आवश्यकता बताई।

सिद्ध मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य केवल बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि बीमारी को होने से पहले रोकना होना चाहिए। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से अपने बीपी, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और BMI की जांच कराने की अपील की।

अभियान के निष्कर्षों के आधार पर मुरादाबाद मॉडल को देश के अन्य शहरों में भी लागू करने की संभावना जताई गई है। अस्पताल प्रबंधन ने अगले चरण में “स्वस्थ की आदत” अभियान शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत नियमित जांच, शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button