शहर-राज्यस्वास्थ्य

50 नेत्र रोगियों के सफल ऑपरेशन सम्पन्न

मथुरा। गौलोकवासी श्री श्याम सुन्दर जी उर्फ लाला स्वामीमल जी बजाज की पावन स्मृति में समस्त लाला स्वामीमल बजाज परिवारीजन के सौजन्य से कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड, मथुरा द्वारा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में नेत्र रोगियों ने नेत्र परीक्षण एवं उपचार का लाभ प्राप्त किया।

शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि गजानन्द अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कल्याणं करोति नेत्र संस्थान द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय एवं समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि नेत्र रोग से पीड़ित गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क उपचार एवं ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराना मानव सेवा का श्रेष्ठ कार्य है। ऐसे सेवा कार्यों से असहाय लोगों को नई रोशनी मिलती है, जो एक महान सामाजिक सेवा है।

इस अवसर पर नवल किशोर अग्रवाल ने भी संस्थान के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग करना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।

कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कल्याणं करोति नेत्र संस्थान के महासचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर पूर्णतः सफल रहा तथा कुल 51 नेत्र रोगियों की शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा सफलतापूर्वक की गई। सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ, परामर्श, ऑपरेशन, चश्मे, भोजन एवं रहने की व्यवस्था भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर अनिल अग्रवाल, दीपक कुमार (तस्वीर वाले), राजीव अग्रवाल, चतुर्भुज अग्रवाल, सुभाष चन्द अग्रवाल, रमन लाल, अशोक बंसल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button