शहर-राज्य

हरियाणा से पश्चिम बंगाल जा रही स्मैक बनाने के केमिकल की बड़ी खेप बरेली में पकड़ी, चार तस्कर गिरफ्तार

बरेली। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली इकाई ने स्मैक निर्माण में प्रयुक्त होने वाले 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड (प्रिकर्सर केमिकल) के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह खेप हरियाणा के मेवात से लाई गई थी और बदायूं के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने दो वाहन, पांच मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।

बदायूं के रास्ते पश्चिम बंगाल भेजी जानी थी खेप

एएनटीएफ प्रभारी विकास यादव के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वासिद (सहसवान, बदायूं), जोगेश सिंह और तेजपाल सिंह (अमरोहा) तथा अरुण कुमार (जोया, अमरोहा) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी हरियाणा के मेवात से एसिटिक एनहाइड्राइड खरीदकर लाए थे। योजना के तहत इसे पिकअप वाहन से बदायूं पहुंचाकर वहां से पश्चिम बंगाल के तस्करों तक भेजा जाना था।

पूछताछ में सामने आए नेटवर्क के अहम सुराग

प्रारंभिक पूछताछ में जोगेश सिंह को गिरोह का मुख्य संचालक बताया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह लंबे समय से स्मैक बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्रिकर्सर केमिकल की अवैध सप्लाई कर रहा था। इस कारोबार से होने वाले मुनाफे को सभी सदस्य आपस में बांटते थे। अब पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

दो वाहन, मोबाइल और नकदी भी बरामद

कार्रवाई के दौरान एएनटीएफ ने 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, दो वाहन, पांच मोबाइल फोन और 1,080 रुपये नकद बरामद किए। थाना शाही में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button