ग़ाज़ियाबाद

एनएच-9 से थाना रोड तक बनेगी 1.85 किलोमीटर लंबी आधुनिक सड़क

गाजियाबाद। जनपद में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रिड रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में नई सड़क निर्माण परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस परियोजना के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ धार्मिक एवं स्थानीय आवागमन को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, यूरिडा द्वारा पत्र संख्या 455/यूरिडा-03(111)/डीपीआर/2025-26 दिनांक 12 मार्च 2026 के माध्यम से परियोजना प्रस्ताव उपलब्ध कराया गया, जिसके पश्चात सड़क निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी की गई। योजना के अंतर्गत एनएच-9 से गौशाला रोड होते हुए थाना रोड तक लगभग 1.85 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इस सड़क परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 35 करोड़ 58 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस अवसर पर गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि यह सड़क निर्माण परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि नई सड़क बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या में राहत मिलेगी और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
विधायक संजीव शर्मा ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस सड़क के निर्माण से प्रसिद्ध दुधेश्वरनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। अभी तक मंदिर तक पहुंचने में लोगों को यातायात बाधाओं और खराब मार्गों का सामना करना पड़ता था, लेकिन नई सड़क बनने के बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान और सुगम हो जाएगी। धार्मिक पर्यटन को भी इससे नई गति मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में गाजियाबाद लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शहर में सड़क, जल निकासी, यातायात और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ग्रिड रोड योजना शहरी ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जा रहे हैं। मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए निरंतर संवाद और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी इस परियोजना को क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। लोगों का मानना है कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि आसपास के व्यापारिक और आवासीय क्षेत्रों का भी तेजी से विकास होगा। बेहतर सड़क संपर्क से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की समग्र प्रगति सुनिश्चित होगी। गाजियाबाद में प्रस्तावित यह ग्रिड रोड परियोजना शहर को आधुनिक शहरी ढांचे की ओर अग्रसर करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे यातायात, धार्मिक पर्यटन और नागरिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलने जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button