सीएमओ ने पीएचसी बढ़नी का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना इलाज का हाल

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय दोहरे ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी का औचक निरीक्षण किया। अचानक अस्पताल पहुंचे सीएमओ ने ओपीडी, लेबर रूम समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। सीएमओ ने मरीजों से दवा, जांच और उपचार मिलने के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने लेबर रूम का निरीक्षण कर प्रसव कक्ष में साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों और प्रसूताओं को दी जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि प्रसव के दौरान महिलाओं और नवजातों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मेडिकोलीगल रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की भी जांच की। रजिस्टर में दर्ज विवरण और व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता जताई। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों के उपचार की स्थिति भी देखी। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से उपचार मिले और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर दिया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी, डॉ. प्रदीप वर्मा, फार्मासिस्ट रामसहाय वर्मा, अमृता, स्टाफ नर्स योगेंद्र समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।




