सिहानी गेट पुलिस ने मेरठ तिराहे से दबोचा, क्रेटा कार और तीन बुलेट समेत चोरी के वाहन बरामद-यूट्यूब देखकर सीखी मास्टर चाबी बनाना, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर हिंडन किनारे कब्रिस्तान में छिपाता था गाडिय़ां

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में लग्जरी कार और बुलेट बाइक चोरी करने वाले शातिर आरोपी को सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मास्टर चाबी की मदद से महज डेढ़ मिनट में कार का लॉक खोलकर उसे चोरी कर ले जाता था। चोरी के बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहनों की पहचान छिपाता और उन्हें हिंडन नदी किनारे कब्रिस्तान में छिपा देता था। बाद में कारों को बिहार ले जाकर सस्ते दामों पर बेच देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, तीन बुलेट बाइक, दो मास्टर चाबी और चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। उसके दो साथी अभी फरार हैं। एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस ने मेरठ तिराहे के पास से आबिद निवासी गांव पंजी सराय, अमरोहा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने दो साथियों इकरार उर्फ नाजिम निवासी गांव आदमपुर और साजिद निवासी गांव मिलक पापड़ी, अमरोहा के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी करता था। गिरोह मास्टर चाबी, वायर कटर और पेचकस की मदद से कारों को निशाना बनाता था। चोरी के तुरंत बाद नंबर प्लेट बदल दी जाती थी, ताकि पुलिस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महंगी चार पहिया गाडिय़ों को ही निशाना बनाता था। वह 13 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली कारों की चोरी करता था और चोरी के वाहनों को बिहार ले जाकर बेच देता था। करीब 20 लाख रुपये कीमत की कार को महज डेढ़ लाख रुपये में बेचने की बात भी सामने आई है। गिरोह दोपहिया वाहनों में खासतौर पर बुलेट बाइक चोरी करता था। चोरी की गाडिय़ों को पहले हिंडन नदी किनारे कब्रिस्तान में छिपाया जाता था, फिर उनकी नंबर प्लेट बदलकर दूसरे राज्य में ले जाया जाता था। पूछताछ में आबिद ने बताया कि उसने अमरोहा से ग्रेजुएशन करने के बाद वर्ष 2015 से वाहन चोरी शुरू की थी। मास्टर चाबी बनाने का तरीका उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर सीखा था। वारदात के दौरान वह और उसके साथी सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए चेहरे पर नकाब पहनते थे। आरोपी ने अब तक 30 चार पहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने कितनी बुलेट बाइक चोरी की हैं, इसकी स्पष्ट संख्या नहीं बताई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आबिद का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, अमरोहा, बिजनौर और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी और अवैध शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके फरार साथियों इकरार उर्फ नाजिम और साजिद की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही गिरोह द्वारा चोरी किए गए अन्य वाहनों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


