ग़ाज़ियाबाद

लोनी विधानसभा से शुरू हुआ संगठन सुदृढ़ीकरण अभियान, सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति तैयार 

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को गति देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद ने सोमवार को लोनी विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित कर चुनावी अभियान का आगाज कर दिया। चौधरी महाश्य फार्म हाउस, लोनी में रविवार को आयोजित इस बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, नगर एवं ब्लॉक अध्यक्षों, न्याय पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थकों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने की। मंच संचालन नगर अध्यक्ष अजय शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम में वार्ड-52 के पार्षद राहुल अली तथा कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक की शुरुआत संगठन सुदृढ़ीकरण अभियान की समीक्षा से हुई, जिसमें पूर्व में जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में नगर, ब्लॉक और बूथ अध्यक्षों के साथ समन्वय बैठकों के आयोजन पर बल दिया गया। जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को पूरी मजबूती और गंभीरता के साथ लडऩे की तैयारी कर रही है। इसी उद्देश्य से जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव, मोहल्लों और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखेगा। उन्होंने कहा कि लोनी क्षेत्र में नगर निगम, नगर पालिका और अन्य स्थानीय निकायों से जुड़ी अनेक समस्याएं सामने आई हैं। क्षेत्र के निवासियों ने बैठक के दौरान जलभराव, सफाई, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं। कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और शासन-प्रशासन के समक्ष जनता की आवाज बनकर हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है। सतीश शर्मा ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लगातार हो रहे संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से विपक्षी दलों में बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि इसी प्रकार संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया गया तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद की जनता कांग्रेस पर भरोसा जताएगी और जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को सफलता मिलेगी। बैठक में विशेष रूप से लोनी विधानसभा सहित गाजियाबाद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोडऩे, बूथ समितियों के गठन, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई। सभी पदाधिकारियों ने संगठन को गांव-गांव और घर-घर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को और तेज करने का संकल्प दोहराया। बैठक में विनोद धाम, डॉ. जुल्फिकार अली, महफूज अली, रिजवान मलिक, इरफान भाई, विनोद बंसल, प्रमोद शर्मा एडवोकेट, राबिया अंसारी, मेजर बाबू खान, हाजी शकील अहमद, करीमुल्लाह खान, अरुण शर्मा, जगमोहन शर्मा, सलीम इदरीशी, जाकिर इदरीशी, अजय सिंह, सोनू बंसल, राशिद परवीन रंगरेज, मुन्ना बाबू, रईस, राजीव भारद्वाज, सलाउद्दीन, इमरान मलिक, अल्लू मलिक, सचिन गुर्जर, एम.ए. आजाद, नवीन कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button