राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष आज करेंगी योजनाओं की समीक्षा, महिला बंदीगृह का करेंगी निरीक्षण

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) डॉ. बबीता सिंह चौहान मंगलवार को सिद्धार्थनगर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर गोदभराई, अन्नप्राशन एवं कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। इसके बाद स्थानीय गेस्ट हाउस में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, उद्योग, कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महिलाओं से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करेंगी। साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों पर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई भी करेंगी।दोपहर बाद डॉ. चौहान जिला कारागार स्थित महिला बंदीगृह का निरीक्षण करेंगी। इसके उपरांत वह कपिलवस्तु स्थित बौद्ध धर्मस्थल का भ्रमण एवं दर्शन करेंगी। दौरे के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।


