मुख्यमंत्री का बिजनौर में 09 अप्रैल को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम

वर्धमान डिग्री कॉलेज के मैदान में करेंगे परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण
मुख्यमंत्री जनसभा कर आमजन को करेंगे संबोधित
नितिन शर्मा
बिजनौर (वेलकम इंडिया)। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित बिजनौर भ्रमण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करने के संबंध में समीक्षा बैठक की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह, प्रशासन अंशिका दीक्षित सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि 09 अप्रैल,2026 को प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय वर्धमान डिग्री कॉलेज के मैदान में आम जनसभा का आयोजन किया जाएगा इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जिले में 05 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने उक्त कार्यक्रम के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को विभागीय परियोजनाओं एवं कार्यक्रमों का अद्यतन पूर्ण विवरण तथा जिन परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है, उनकी पूरी जानकारी की सूचना जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिला बिजनौर में शासकीय योजनाओं कार्यक्रम के अंतर्गत जो भी उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं, उसकी सूचना भी जिला अर्थ एवं संख्या कार्यालय को उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने नगर पालिका बिजनौर एवं आसपास की नगर पालिका, नगर पंचायत तथा नगर निकाय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल सहित पूरे शहर में ध्यानपूर्वक सफाई व्यवस्था करना सुनिश्चित करें तथा कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल टॉयलेट तथा समुचित मात्रा में पेयजल की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषि, बाल एवं महिला विकास, एनआरएलएम, उद्योग, कार्यक्रम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों के उत्पादों, जानकारियों एवं उपलब्धियों से संबंधित स्टाल लगाएं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि मा. मुख्यमंत्री जी के संभावित निरीक्षण के दृष्टिगत राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल एवं अस्पताल प्रांगण स्थित स्वास्थ्य इकाइयों को अपेक्षित सफाई सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं अद्यतन अवस्था में पूर्ण करना सुनिश्चित करे।



