बाबूगढ़ पुलिस ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक, छात्राओं को दी करियर गाइडेंस

वेलकम इंडिया | राजेंद्र सिंह वरिष्ठ पत्रकार
हापुड़। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत थाना बाबूगढ़ पुलिस ने 15 अक्टूबर 2026 को सिमरोली स्थित विकास ग्लोबल स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं महिलाओं और बालिकाओं के लिए करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम प्रभारी एसआई मनीषा, साइबर टीम प्रभारी एसआई अंकुल और थाना बाबूगढ़ की टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को फर्जी सोशल मीडिया आईडी, ओटीपी के जरिए धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे बढ़ते साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि अपनी निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड और बैंक संबंधी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से श्री रक्षित टंडन द्वारा प्रसारित लाइव साइबर सुरक्षा सत्र भी विद्यार्थियों को दिखाया गया। पुलिस टीम ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, वुमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने और करियर संबंधी उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधक विकास तेवतिया, प्रधानाचार्य वर्षा तेवतिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।




