धान खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, किसानों को एमएसपी का लाभ दिलाएं: डीएम

पीलीभीत मंडी और रूपपुर कमालू क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण, तौल से लेकर उठान तक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। धान खरीद में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ मिले, इसके लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने गुरुवार को पीलीभीत मंडी और ग्राम रूपपुर कमालू स्थित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद व्यवस्था परखी और केंद्र प्रभारियों को लक्ष्य के अनुरूप नियमित खरीद करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि केंद्रों पर आने वाले किसानों के धान की मानक के अनुसार तौल सुनिश्चित की जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नमी मापक यंत्र से धान में नमी की जांच कराई। इसके साथ ही टोकन रजिस्टर, वेटिंग रजिस्टर, बोरा रजिस्टर और क्रय पंजिका का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्रों पर चल रही तौल की जानकारी ली और मौके पर मौजूद किसान से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।डीएम ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देश दिए कि किसानों से मानकों के अनुरूप धान की खरीद की जाए। केंद्र पर बिक्री के लिए आने वाले प्रत्येक किसान की तौल नियमानुसार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे से छोटे किसान तक न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ पहुंचाना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। खरीद में किसी तरह की समस्या आने पर संबंधित अधिकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।मौसम में बदलाव और बारिश की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने धान के सुरक्षित भंडारण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि खुले में धान न रखा जाए और क्रय केंद्रों पर खरीदे गए धान का प्रतिदिन उठान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्थिति में खरीदा गया धान बारिश में भीगने न पाए। इससे उपज की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ खरीद व्यवस्था को सुचारु रखने में मदद मिलेगी।जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को दैनिक लक्ष्य के अनुसार खरीद करने और किसानों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट, जिला खाद्य विपणन अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



