पाइपलाइन से अपने खेत में हो रहे नुकसान को लेकर नीरजा शर्मा को दिया ज्ञापन।

चंबल लिफ्ट परियोजना के तहत खेतों में होकर डाली जा रही पाइप लाइन को रुकवाने की मांग की है।
धौलपुर राजस्थान। जिले के राजाखेड़ा उपखण्ड के ग्राम जैतपुर छतरीपुरा निवासी महेंद्र सिंह गुर्जर ने चम्बल लिफ्ट परियोजना के तहत डाली जा रही पाइपलाइन से अपने खेत को हो रहे नुकसान को लेकर भाजपा नेत्री एवं राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी रहीं नीरजा शर्मा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि चम्बल लिफ्ट परियोजना के अंतर्गत पाइपलाइन उनके खेत के बीचों-बीच डाली जा रही है, जिससे उनकी कृषि भूमि पूरी तरह से खराब हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्य के संबंध में उन्हें न तो कोई पूर्व में सूचना दी गई और न ही उनकी सहमति ली गई। अचानक शुरू हुए इस कार्य से उनकी कृषि भूमि को गंभीर नुकसान पहुंचा है। महेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि उनके एक अन्य खेत, जो लगभग 17 बिस्वा है, उसको भी इस परियोजना के दायरे में लेकर नुकसान पहुंचाने की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए नोटिस भी जारी किया गया है। इससे वे काफी परेशान हैं। उन्होंने भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा से मांग की है कि उक्त कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाया जाए तथा पाइपलाइन को खेत के बजाय सड़क किनारे या निर्धारित मार्ग से निकाला जाए, ताकि उनकी कृषि भूमि सुरक्षित रह सके। साथ ही उन्हें उनके नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए। महेंद्र सिंह गुर्जर ने उम्मीद जताई है कि भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से समन्वय कर जल्द समाधान कराएंगी। महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।



