ग़ाज़ियाबाद

नव निर्माण के नौ साल’ का जश्न: विकास भवन में योजनाओं की झलक, किसानों और आमजन से सीधा संवाद-प्रदर्शनी, गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा आयोजन, दो चरणों में हुआ भव्य कार्यक्रम

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में सोमवार को विकास भवन प्रांगण में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शासनादेश के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, विचार गोष्ठी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और फिर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न गतिविधियां संचालित हुईं। प्रथम चरण में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक संजीव शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। कृषि, पशुपालन, उद्यान और मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने मिलकर इस आयोजन को प्रभावी रूप दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रदर्शनी और मंच के माध्यम से अधिकारियों ने किसानों और आमजन को योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही उनका समाधान भी किया गया, जिससे आमजन में संतोष का भाव दिखाई दिया। मुख्य अतिथि संजीव शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता, सब्सिडी, बीमा और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्र अनुदान, सोलर पंप योजना और जैविक खेती प्रोत्साहन जैसी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंच रहा है। उन्होंने पशुपालन और उद्यान विभाग की योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि डेयरी, गोपालन, बकरी पालन और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। वहीं मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी किसानों को प्रशिक्षण, अनुदान और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर व्यक्ति को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है तथा ‘सबका साथ, सबका विकास ही उनकी प्राथमिकता है। विधायक ने जनपद में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हजारों किसानों को करोड़ों रुपये की सहायता दी गई है। इसके अलावा सोलर पंप स्थापना, ऋण मोचन, प्रशिक्षण कार्यक्रम और कृषि तकनीकों के प्रसार के माध्यम से किसानों को लाभान्वित किया गया है। बड़ी संख्या में किसानों को बीज, कीटनाशक और कृषि यंत्रों पर अनुदान भी प्रदान किया गया है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग से जुड़े कई अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मान मिला, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिली। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह और बढ़ गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. पांडेय, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह आयोजन न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम बना, बल्कि आमजन और प्रशासन के बीच संवाद को भी मजबूत करने में सफल रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button