ध्वजारोहण कर मनाया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले एवं महानगर के विभिन्न मंडल कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया गया तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के जिलाध्यक्ष निर्भय कुमार पांडेय, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक मेघश्याम सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, निरंजन सिंह धनगर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पन्ना लाल गौतम तथा हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण, हवन-पूजन एवं ध्वजारोहण कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष 6 अप्रैल को मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 7 से 12 अप्रैल तक बूथ स्तर पर ध्वजारोहण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष निर्भय कुमार पांडेय ने कहा कि स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ हवन और ध्वजारोहण के साथ किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर चलने वाला एक सशक्त संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रहित, सुशासन और सेवा के मूल मंत्र पर आधारित है और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर ही पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। संचालन महामंत्री ज्ञानेंद्र राणा ने किया।
इस अवसर विधायक पूरन प्रकाश, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, विनीत शर्मा, उपाध्यक्ष रामकिशन पाठक, सुरेंद्र प्रधान, ललित गौतम, मंत्री अंकुर गुर्जर, मनोज सौनोठ, दीपक गोला, पूजा चौधरी, अंकुर अग्रवाल , सतपाल चौधरी, अमन ठाकुर, मनीषा पाराशर, जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी, कल्पना गर्ग, हेमंत खंदौली, महानगर मीडिया प्रभारी पंडित श्याम शर्मा, बृजेश अहेरिया, विजय शर्मा (नट्टू पंडित), पार्षद विकास दिवाकर, पार्षद गणेश अग्रवाल, नितिन चतुर्वेदी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



