द्वारकाधीश मंदिर के मुख्य द्वार पर लगी गुल्लक के ताले तोड़कर चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मथुरा। धर्मनगरी मथुरा के विश्व प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगी दान गुल्लक के ताले अज्ञात चोरों द्वारा तोड़ दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। सोमवार सुबह करीब 5 बजे मंदिर खुलने पर ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने मुख्य द्वार पर लगी गुल्लक टूटी हुई देखी। इसके बाद उसने तत्काल मंदिर प्रशासन को घटना की सूचना दी।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने फोन पर बातचीत में बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दी जा रही है तथा लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि घटना का जल्द खुलासा हो और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना के बाद मंदिर क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने प्रशासन से मंदिर और आसपास के बाजार क्षेत्र में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, नियमित पुलिस गश्त तथा सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटने की तैयारी कर रही है। चोरी की इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



