ग़ाज़ियाबाद

आवासीय प्लॉटों पर 80 डंपर कचरा डालने का आरोप, विरोध पर धमकी

गाजियाबाद। मसूरी क्षेत्र में आवासीय प्लॉटों पर भारी मात्रा में कचरा डंप करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़त का आरोप है कि उनकी और अन्य लोगों की जमीन पर करीब 70 से 80 डंपर कचरा डाल दिया गया। इतना ही नहीं, प्लॉटों की चारदीवारी भी तोड़ दी गई और खुले में डाले गए कचरे में आग लगाई जा रही है। शिकायत के आधार पर मसूरी पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मसूरी के नालीपाड़ा निवासी शौकीन अली पुत्र कलुवा खां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मसूरी स्थित खसरा नंबर 493 के अंतर्गत उनकी और अन्य लोगों की भूमि पर कुछ लोग मनमाने ढंग से कचरा डंप कर रहे हैं। आरोप है कि संदीप दूबे, शाहनवाज और ठेकेदार अतुल गर्ग समेत अन्य अज्ञात लोग अलग-अलग स्थानों से करीब 70 से 80 डंपर कचरा लाकर वहां डाल चुके हैं। पीडि़त के अनुसार, आरोपियों ने प्लॉटों की चारदीवारी भी तोड़ दी है। खुले में भारी मात्रा में कचरा डालने और उसमें आग लगाने से आसपास के गांवों में प्रदूषण और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। इससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रात के समय कचरा डालने से मना करने पर आरोपित उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीडि़त ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कचरा डंप करने पर रोक लगाने की मांग की है। एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि शौकीन अली की शिकायत के आधार पर संदीप दूबे, शाहनवाज, अतुल गर्ग और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button