शहर-राज्य
डीएम ने देवलहा ग्रांट सहकारी समिति का किया निरीक्षण, रजिस्टरों की जांच

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बुधवार को विकास खंड उसका बाजार स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड, देवलहा ग्रांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति के स्टॉक रजिस्टर और खाद वितरण रजिस्टर का अवलोकन कर अभिलेखों की जांच की।
जिलाधिकारी ने रजिस्टर में दर्ज किसानों से दूरभाष पर बातचीत कर खाद वितरण की स्थिति की जानकारी भी ली। उन्होंने समिति के अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। साथ ही खाद प्राप्त करने वाले किसानों का आधार नंबर और मोबाइल नंबर वितरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और अभिलेखों का सत्यापन आसानी से किया जा सके।



