ग़ाज़ियाबाद

जीडीए के विकास कार्यों पर अब मासिक निगरानी- तय समय में काम पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की अब हर महीने समीक्षा की जाएगी। प्राधिकरण प्रशासन ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति तेज करने और कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित सभी विकास परियोजनाओं की विस्तृत सूची तैयार की जाए। साथ ही प्रत्येक परियोजना की फाइलों को अपडेट रखते हुए कार्यों की वास्तविक प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के अनुसार संचालित हों, इसके लिए हर महीने समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। समीक्षा के दौरान निर्माण कार्य की गति, तकनीकी प्रगति और परियोजना में आ रही बाधाओं का विश्लेषण कर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उपाध्यक्ष ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में घटिया सामग्री का उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा और गुणवत्ता मानकों से समझौता करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों या ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। जीडीए वीसी ने यह भी कहा कि प्राधिकरण अपने सभी प्रोजेक्ट में आने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण करेगा, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। साथ ही आवंटियों की लंबित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। बताया गया है कि प्राधिकरण में हर महीने दो हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त होती हैं, जिनमें अधिकांश शिकायतें आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई जाती हैं। इसके अलावा प्रत्यक्ष आवेदन, जनसुनवाई और अन्य माध्यमों से भी बड़ी संख्या में शिकायतें प्राधिकरण तक पहुंचती हैं। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जीडीए प्रशासन का मानना है कि नियमित समीक्षा प्रणाली लागू होने से विकास कार्यों की गति बढ़ेगी, पारदर्शिता मजबूत होगी और जनता का भरोसा भी प्राधिकरण पर बढ़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button