गोवर्धन में नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर, सीओ ने जारी किया मोबाइल नंबर
-सट्टा, अवैध खनन और कच्ची शराब की बिक्री की सूचना देने की अपील
मथुरा/गोवर्धन। क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गोवर्धन पुलिस अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। सोमवार को सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर लोगों से अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर 9454401271 जारी करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी सट्टा, अवैध खनन, कच्ची शराब, गांजा या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सीओ ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। उन्होंने आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उनका कहना है कि सूचना मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को यदि अपने आसपास अवैध शराब, गांजा या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलती है तो वह बिना किसी संकोच के पुलिस को इसकी सूचना दे। इसके अलावा सट्टा और अवैध खनन जैसी गतिविधियों की सूचना भी पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है।
सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने कहा, “क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सट्टा, अवैध खनन, कच्ची शराब, गांजा अथवा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना लोग सीधे मुझे मोबाइल नंबर 9454401271 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”



