ग़ाज़ियाबाद

आरकेजीआईटी में फिटनेस का जोश, खेल भावना से गूंजा परिसर

गाजियाबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) में 29 और 30 अगस्त को ‘फिट इंडिया मूवमेंट एवं ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत अभियान के तहत दो दिवसीय खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के जिला युवा अधिकारी के सहयोग एवं समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दो दिनों के दौरान 300 से अधिक विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे परिसर में खेल और फिटनेस के प्रति उत्साह का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शपथ समारोह के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद योग सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल, रस्साकशी, टेबल टेनिस और बैडमिंटन जैसी खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खेल प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में जीत का जुनून दिखाई दिया तो वहीं टीम भावना और अनुशासन की भावना भी मजबूत हुई। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, फिटनेस, खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराना रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय साइकिलिंग चैंपियन एवं फिट इंडिया अभियान के दूत कार्तिक शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए खेलों और शारीरिक गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सक्रिय जीवनशैली व्यक्ति के आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल एवं व्यायाम के लिए भी नियमित समय देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान फिटनेस जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नियमित व्यायाम करने, खेलों से जुडऩे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने रैली को प्रभावी बनाया। इस दौरान फिट रहने और शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी एकता मिश्रा की महत्वपूर्ण उपस्थिति एवं सहयोग रहा। आरकेजीआईटी के निदेशक डॉ. बी.सी. शर्मा ने कहा कि स्वस्थ और अनुशासित युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेल और शारीरिक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं डीन, विद्यार्थी कल्याण एच.जी. गर्ग ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। दो दिवसीय कार्यक्रम के सफल संचालन में आरकेजीआईटी प्रबंधन, निदेशक, डीन विद्यार्थी कल्याण, विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, खेल टीम और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का महत्वपूर्ण योगदान रहा। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह, कार्यक्रम समन्वयक हर्ष गोस्वामी एवं शालू शर्मा तथा खेल अधिकारी प्रशांत राठी के समन्वय में विभिन्न गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने आयोजन व्यवस्था संभालने के साथ प्रतिभागियों के समन्वय और अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता देखने को मिली। दो दिवसीय कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में फिटनेस, खेल भावना, नेतृत्व, अनुशासन, टीमवर्क और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया। आयोजन के माध्यम से ‘स्वस्थ युवा-सशक्त भारतÓ का संदेश प्रभावी रूप से विद्यार्थियों और समाज तक पहुंचाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button