ग़ाज़ियाबाद

आज से घर-घर पहुंचेगी टीम, ड्यूटी में लापरवाही पर होगी एफआईआर -ड्यूटी बैग लेना अनिवार्य, अनुपस्थित कर्मचारियों पर जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई तय

गाजियाबाद। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत शुक्रवार से घर-घर जाकर मकान सूचीकरण की कार्यवाही शुरू की जाएगी। इसको लेकर अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने गुरुवार को चार्ज अधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जनगणना कार्य को त्रुटिहीन और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। नगर निगम सीमा क्षेत्र में लगभग 5000 प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। इसके लिए सभी कर्मचारियों को अपने-अपने चार्ज अधिकारियों से ड्यूटी बैग अनिवार्य रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन कर्मचारियों द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं कराई जाएगी या ड्यूटी में लापरवाही बरती जाएगी, उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम की धारा 5 और 11 के अंतर्गत एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है। नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि 22 मई से 20 जून तक यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। गाजियाबाद नगर निगम सीमा क्षेत्र को कुल 3885 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है, जहां प्रगणक और सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सूचीकरण का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों को पूर्व में प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना देशहित और विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि जब जनगणना टीम घर पहुंचे तो उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए पूरा सहयोग करें। नगर निगम सीमा क्षेत्र में मकान सूचीकरण के दौरान घर-घर जाकर निवासियों से आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी। नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए यह अभियान राष्ट्रीय महत्व का है। बैठक के दौरान गाजियाबाद नगर निगम से प्रभारी जनगणना डॉ. अनुज सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button