सिद्धार्थनगर में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

- खराब मौसम में घर से बाहर न निकलने की अपील, प्रशासन ने राहत-बचाव व्यवस्था को रखा सक्रिय।
वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सिद्धार्थनगर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में मौसम खराब रहने के साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान अत्यधिक जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों, खेतों, पेड़ों और बिजली के पोल के पास न जाएं। तेज बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों, नालों और नदी के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्यों में सावधानी बरतने को कहा गया है। तेज हवा और आंधी के दौरान जर्जर भवनों, पेड़ों और होर्डिंग्स से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या आपदा राहत दल को सूचना देने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को संभावित बारिश और मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने तथा राहत एवं बचाव व्यवस्था सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए केवल आईएमडी और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।


