सरस्वती अस्पताल ने निजामपुर गांव को लिया गोद, ग्रामीणों को मिलेगी सस्ती चिकित्सा सुविधा

एक साल तक गांव के लोगों को मिलेगा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने किया शुभारंभ
वेलकम इंडिया हरेन्द्र शर्मा वरिष्ठ
हापुड़ जनपद में ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरस्वती इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, अनवरपुर ने ग्राम निजामपुर को एक वर्ष के लिए गोद लिया है। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में धौलाना विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने गांव को गोद लेने की पहल का उद्घाटन किया। इस दौरान ग्रामीणों को अस्पताल के हेल्थ कार्ड वितरित किए गए और निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की उपाध्यक्ष डॉ. राम्या रामचन्द्रन ने की। मुख्य अतिथि विधायक धर्मेश सिंह तोमर और विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार अडूजा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अस्पताल की ओर से दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने गांव को गोद लेकर ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।संस्थान के अध्यक्ष जे. रामचन्द्रन ने ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और ग्रामीणों का आभार जताया। ग्राम प्रधान देविंद्र कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। गांव को गोद लेने की इस पहल के तहत ग्रामीणों को एक वर्ष तक उचित छूट पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।हृदय रोग समेत कई गंभीर बीमारियों का भी होगा उपचार
संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. बरखा गुप्ता और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनीत रस्तोगी ने बताया कि सरस्वती अस्पताल में सामान्य बीमारियों के उपचार के साथ हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी जैसी सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। अस्पताल में स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न बीमा कंपनियों के हेल्थ कार्डधारकों को भी उपचार की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को चिकित्सा सेवाओं में विशेष छूट प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित किया गया। संस्थान के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. आरके सहगल ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर आर. दत्त, लीगल डायरेक्टर आरपी सिंह, जनरल मैनेजर वर्धराजन, डॉ. हर्ष प्रताप शिशोदिया, सरस्वती कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्रधानाचार्य डॉ. नितिन कुमार, सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रधानाचार्या आर. परिमला विसागन, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट अहिल्या शशिधरन, एचआरओ मैनेजर लुकेरिशिया रघुवाथी सहित चिकित्सक और संस्थान के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








