ग़ाज़ियाबाद

यूपी में बना नंबर वन गाजियाबाद; राष्ट्रपति ने महापौर और नगर आयुक्त को किया सम्मानित

-विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में मिला स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 का सम्मान 

गाजियाबाद। स्वच्छता के मामले में गाजियाबाद ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तर प्रदेश के स्वच्छ शहरों की श्रेणी में गाजियाबाद नगर निगम ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को सम्मानित किया। गाजियाबाद नगर निगम के इतिहास में पहली बार ऐसा अवसर आया है, जब देश की राष्ट्रपति ने स्वयं महापौर और नगर आयुक्त को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया है। इस उपलब्धि से नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों में उत्साह है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रपति ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया और भविष्य में भी स्वच्छता के प्रयासों को लगातार बेहतर बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा भी मौजूद रहे। नगर विकास मंत्री ने गाजियाबाद नगर निगम की टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। गाजियाबाद नगर निगम के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि पिछले दो वर्षों में शहर की रैंकिंग में लगातार सुधार हुआ है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023-24 में गाजियाबाद 19वें स्थान पर था, जबकि 2024-25 में 11वें स्थान पर पहुंच गया था। इस बार नगर निगम की टीम ने सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता पर विशेष ध्यान देते हुए उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। लगातार बेहतर होती रैंकिंग नगर निगम की ओर से किए गए प्रयासों और सफाई व्यवस्था में हुए सुधार को दर्शाती है।
महापौर सुनीता दयाल ने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों को देते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में मिला सम्मान पूरे गाजियाबाद का सम्मान है। शहर के लोगों ने कचरा पृथक्करण को अपनाया और प्लास्टिक मुक्त अभियान में भागीदारी निभाई। घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखने और नगर निगम की कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने से स्वच्छता अभियान को मजबूती मिली है। नगर निगम की ओर से घर-घर से कूड़ा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम के साथ नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। स्वच्छता केवल सरकारी व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सहयोग भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शहरवासियों के सहयोग से ही गाजियाबाद को प्रदेश में पहला स्थान हासिल हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी लोग इसी तरह स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी निभाते रहेंगे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस उपलब्धि पर नगर निगम की पूरी टीम और शहरवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम सीमा में सफाई मित्र प्रतिदिन पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने में जुटे रहते हैं। समय पर कूड़ा उठान, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण इस सफलता के प्रमुख आधार हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए स्वच्छ भारत मिशन की टीम सहित सभी संबंधित विभागों ने समन्वय के साथ काम किया। नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद को उत्तर प्रदेश में स्वच्छ सिटी का खिताब मिलना पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। नगर निगम इस उपलब्धि को बरकरार रखने के साथ सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम करेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह सम्मान आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी भी बढ़ाता है। सम्मान समारोह में नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित निगम की अन्य टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और नियमित सफाई व्यवस्था को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि गाजियाबाद स्वच्छता के मामले में अपनी पहली रैंकिंग बरकरार रख सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button