शहर-राज्य

यम द्वितीया पर यमुना घाटों पर उमड़ा भाई-बहनों का सैलाब, आस्था की डुबकी लगाकर मनाया पर्व

मथुरा। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाई दूज (यम द्वितीया) का पर्व बुधवार को धर्मनगरी मथुरा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बंगाली घाट और विश्राम घाट सहित यमुना के प्रमुख घाटों पर सुबह से ही भाई-बहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने मां यमुना में एक साथ स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

यमुना स्नान के बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली और अक्षत का तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। घाटों पर भाई-बहनों के प्रेम और आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। सुबह से लेकर दोपहर तक घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। बंगाली घाट, विश्राम घाट सहित प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग किया। प्रशासन की सतर्कता के चलते पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भगवान यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने मथुरा पहुंचे थे। यमुना जी ने उनका स्वागत-सत्कार कर तिलक लगाया और उनके मंगलमय जीवन की कामना की। तभी से इस दिन को यम द्वितीया और भाई दूज के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है। श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में इस पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button