दढ़ियाल में कब्जामुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर बनेगी नई पुलिस चौकी

वेलकम इंडिया
टाण्डा(रामपुर) कस्बा दढ़ियाल में मुख्य मार्ग पर जल्द ही एक नई पुलिस चौकी बनने जा रही है, जो क्षेत्रवासियों को शिकायत दर्ज कराने के लिहाज से उपयुक्त साबित होगी। मंगलवार को प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया। अब इस जगह पर नई पुलिस चौकी का निर्माण होगा, जो क्षेत्र की सुरक्षा और सुविधा को बढ़ावा देगी। गौरतलब है कि जिलाधिकारी जोगिन्दर सिंह के निर्देश पर सम्पूर्ण जनपद में सरकारी जमीनों को अबैध कब्जे से मुक्त कराकर उन्हें जनता के हित में उपयोग किया जा रहा है।इसी क्रम में मंगलवार को कस्बा दढ़ियाल के मोहल्ला फत्तावाला में पीडब्ल्यूडी की आराजी गाटा संख्या 998 रकबा 150 वर्ग मीटर आराजी को कब्जामुक्त कराया गया।तहसील प्रशासन के अनुसार उक्त भूमि पर जयप्रकाश पुत्र झब्बन सिंह ने ईंटों की दीवार बनाकर अवैध कब्जा कर लिया था। इस कब्जे की वजह से सरकारी जमीन का सार्वजनिक उपयोग नहीं हो पा रहा था।अब कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर नई पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाएगा।एसडीएम कुमार गौरव ने बताया कि पुरानी पुलिस चौकी कस्बे के अंदर होने की वजह से लोगों को अपनी शिकायतें दर्ज कराने में परेशानी होती थी। खासकर, टांडा-बाजपुर मार्ग पर आने-जाने वाले राहगीरों और पर्यटकों के लिए यह असुविधा और बढ़ जाती थी। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के निर्देश पर मंगलवार को अभियान चलाकर उपजिलाधिकारी कुमार गौरव और सीओ कीर्ति निधि आनंद की अगुवाई में जेसीबी मशीन की मदद से अवैध दीवार को ढहा दिया गया। इस कार्रवाई में तहसीलदार निश्चय कुमार, कोतवाल प्रदीप कुमार, चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार, नगर पंचायत लिपिक कृष्ण कुमार और पुलिस बल मौजूद रहा। एसडीएम कुमार गौरव ने बताया कि कब्जामुक्त कराई गई इस जमीन पर अब एक आधुनिक पुलिस चौकी बनाई जाएगी। यह चौकी टांडा-बाजपुर मुख्य मार्ग पर सद्भावना कल्याण मण्डप के रास्ते पर होगी, जिससे यह आसानी से सभी के लिए सुलभ रहेगी। नई चौकी बनने से न सिर्फ स्थानीय लोगों को अपनी शिकायतें दर्ज कराने में आसानी होगी, बल्कि पर्यटकों और राहगीरों को भी तुरंत मदद मिल सकेगी। यह मार्ग पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह जिम कॉर्बेट और नैनीताल जैसे स्थानों को जोड़ता है। नई चौकी के बनने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।



