ब्लॉक के पास कुएं में मिला दो दिन से लापता व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका

-शव पर मिले चोटों के निशान
जहांगीराबाद। जहांगीराबाद ब्लॉक के समीप गुरुवार को एक ट्यूबवेल के कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहल्ला रोगनग्रान निवासी 48 वर्षीय अशोक दिवाकर के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। शव पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ी निवासी हरपाल सिंह की जमीन कस्बे के ही टिंकू नामक व्यक्ति ने बटाई (लगान) पर ले रखी है। गुरुवार दोपहर जब टिंकू ट्यूबवेल चलाने खेत पर पहुंचा, तो वहां गेट का ताला टूटा देख उसने तुरंत इसकी सूचना जमीन मालिक और आसपास के लोगों को दी। जब लोगों ने कुएं के भीतर झांककर देखा, तो अंदर एक शव पड़ा मिला। कुएँ में पड़े शव को देख आनन फानन में घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान अशोक दिवाकर (पुत्र रामस्वरूप) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अशोक कपड़े धोने और प्रेस करने का काम करते था और बीते दो दिनों से घर से लापता था। कुएं से निकाले गए शव पर चोट के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। शव को देख मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की। पुलिस ने शव को कब्जे में ले पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



