शहर-राज्य

फसल चौपट, रोजगार पर संकट; बारिश से बेहाल किसान-मजदूर

राहत पैकेज और मुआवजे की मांग को लेकर सपा ने उठाई आवाज

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत।लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण क्षेत्र में किसानों और मजदूरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंचने और कामकाज प्रभावित होने का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मयंक गोस्वामी को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने प्रभावित किसानों और श्रमिकों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की।ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। कई खेतों में पानी भरने से धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों ने फसल तैयार करने में काफी धन खर्च किया था, लेकिन बारिश से हुए नुकसान के बाद उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ा है। ऐसे में नुकसान का सर्वे कराकर पात्र किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाना जरूरी है।
सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि फसलों को नुकसान होने का असर ग्रामीण मजदूरों की रोजी-रोटी पर भी पड़ा है। खेतों में काम प्रभावित होने के कारण मजदूरों को पर्याप्त रोजगार नहीं मिल पा रहा है। दिहाड़ी मजदूरी पर निर्भर परिवारों के सामने घर का खर्च चलाने की चुनौती पैदा हो गई है। कार्यकर्ताओं ने ऐसे श्रमिक परिवारों को भी राहत देने की मांग की।ज्ञापन में किसानों को कर्ज की वसूली में राहत देने की मांग भी की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिन किसानों की फसल बारिश से खराब हुई है, उन्हें तत्काल राहत देकर आर्थिक बोझ कम किया जाना चाहिए। इसके साथ ही निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड में पंजीकृत मजदूरों के लिए राहत पैकेज जारी करने की मांग रखी गई।ई-श्रम कार्ड धारकों को भी सरकारी राहत योजनाओं से जोड़ने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों को कल्याण बोर्ड के माध्यम से आवश्यक टूलकिट और साइकिल उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई, ताकि उन्हें रोजगार से जुड़े कार्यों में सुविधा मिल सके।ज्ञापन देने वालों में जिला सचिव तौफीक अहमद कादरी, मजदूर सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नादिर रजा बरकाती, विधानसभा उपाध्यक्ष अहिद खान, रजनीश, रोहित, अंग्रेंज सिंह, फिरासत खान, अमरीक सिंह, खालिद रजा बरकाती, राम लखन यादव, ओमकार यादव और बजपाल यादव समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित लोगों की स्थिति का आकलन कर जल्द राहत पहुंचाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button