पालिका बोर्ड बैठक में 2 अरब, 34 करोड़ 19 लाख 38 हजार रुपए का बजट स्वीकृत

नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाए जाने संबंधी विषयों पर की गई विस्तार से चर्चा
अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। नगर पालिका परिषद, मोदीनगर में शुक्रवार को एजेंडा बोर्ड की बैठक अध्यक्ष विनोद वैशाली की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा करते हुए आय-व्यय से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया तथा नगर विकास एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए दो अरब, 34 करोड़ 19 लाख 38 हजार 43 रुपए (2,34,19,38,043) का बजट सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। पालिका बोर्ड बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, कर संग्रहण तथा नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाए जाने संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों द्वारा विभिन्न वार्डों की समस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देश दिए गए। अध्यक्ष विनोद वैशाली द्वारा नगर के समग्र विकास हेतु सभी सभासदों एवं अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नगर हित में सकारात्मक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।बैठक में अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्र, समस्त अधिकारीगण एवं समस्त सदस्यगण उपस्थित रहे।



