ट्रॉली चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

स्याना.नरसेना थाना पुलिस ने ट्रॉली चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई ट्रॉली बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान सौरभ उर्फ नन्हे सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
गांव घुंघारावली निवासी नवनीत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि गांव के बाहर खड़ी उसकी ट्रॉली चोरी हो गई। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच उपनिरीक्षक नीतू सिंह को सौंपी गई। पुलिस टीम ने एसओजी के साथ मिलकर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने 28 सितंबर की रात सौरभ उर्फ नन्हे सिंह को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई ट्रॉली भी बरामद कर ली गई।
धार्मिक यात्रा से लौटते समय बदली नीयत
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर आहर मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए लौट रहा था। इसी दौरान गांव के बाहर उसे एक ट्रॉली खड़ी दिखाई दी। ट्रॉली देखने के बाद उसने उसे चोरी करने की योजना बनाई। कुछ देर तक मौका देखने के बाद वह ट्रॉली चोरी कर वहां से निकल गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही चोरी की गई ट्रॉली को ले जाने की पूरी योजना के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



