जनता दर्शन में जिलाधिकारी का बड़ा आदेश: दिव्यांग, गरीब और असहायों तक खुद पहुंचेगा प्रशासन

गाजियाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता और प्रशासन के बीच भरोसे का माध्यम है, इसलिए हर शिकायत का समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जमीन से जुड़े विवादों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करे और विवादों का निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद अक्सर कानून-व्यवस्था की स्थिति को प्रभावित करते हैं, इसलिए इनका समय रहते निस्तारण बेहद आवश्यक है। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, समाज कल्याण विभाग, प्रोबेशन अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में दिव्यांगजनों, गरीबों, असहायों एवं मजबूर व्यक्तियों का व्यापक स्तर पर चिन्हिकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे पात्र लोगों को पेंशन योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, ई-वाहन योजना तथा अन्य संचालित सरकारी योजनाओं से अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केवल आवेदन आने का इंतजार करने के बजाय अधिकारी स्वयं क्षेत्र में जाकर जरूरतमंदों की पहचान करें और उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करें। साथ ही पात्र लोगों को रोजगार से जोडऩे की दिशा में भी ठोस प्रयास किए जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी विभाग स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग नहीं किया जा रहा है या किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा सामने आती है तो तत्काल उन्हें अवगत कराया जाए, जिससे समस्या का समाधान किया जा सके। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही शासन की मंशा पूर्ण होगी और आम जनता का विश्वास प्रशासन पर मजबूत होगा। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष कुमार उपाध्याय तथा एडीएम एल/ए अवनीश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और मौके पर ही कई मामलों के समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई गई। जनता दर्शन में प्रशासन की सक्रियता और अधिकारियों की तत्परता को देखते हुए फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम को जनसमस्याओं के समाधान और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी पहल माना जा रहा है, जिससे जिले में प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा प्रणाली को और अधिक मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।


