ग़ाज़ियाबाद

छठ पूजा पर घाटों की सुरक्षा का खाका तैयार, पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण-गंगनहर से लेकर ट्रांस हिंडन के छठ घाटों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था परखी 

गाजियाबाद। भैया दूज और आगामी छठ पूजा पर्व को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने मुरादनगर स्थित गंगनहर से लेकर ट्रांस हिंडन क्षेत्र के विभिन्न छठ पूजा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। मुरादनगर क्षेत्र में गंगनहर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने एसीपी मसूरी और थाना प्रभारी मुरादनगर के साथ निरीक्षण किया। आगामी छठ पूजा पर गंगनहर के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख घाटों और आसपास के मार्गों का बारीकी से जायजा लिया गया। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बैरियर लगाए जाएं। साथ ही यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए, ताकि घाटों तक पहुंचने और वापस लौटने के दौरान लोगों को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान छठ पूजा पर गंगनहर में अर्घ्य देने आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की समय से तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिसकर्मियों को भीड़ के बीच पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को घाटों पर लगातार निगरानी रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। वहीं, ट्रांस हिंडन जोन में भी छठ पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर निरीक्षण किया गया। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य, एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना और एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने संबंधित थाना प्रभारियों के साथ जोन के सभी छठ पूजा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के इंतजामों को परखा। संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी रहे और आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर व्रतियों और उनके परिवारों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रखें। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button