गिरिराज तलहटी को हरा-भरा बनाने का संकल्प, 25 जून से विशेष महाभियान।

– सैकड़ों पौधों से हरी-भरी होगी गिरिराज तलहटी
मथुरा/गोवर्धन।श्रीगिरिराजजी की तलहटी को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से गीत संगीत सागर ट्रस्ट (मुंबई) द्वारा संचालित “नमो वृक्षेभ्यः” वृक्षारोपण महोत्सव 2.0 का आयोजन 25 से 28 जून तक किया जाएगा। चार दिवसीय यह महोत्सव “क्लीन तलहटी ग्रीन तलहटी मिशन” के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
ट्रस्ट द्वारा जारी जानकारी के अनुसार महोत्सव का आयोजन पूज्यपाद गोस्वामी श्री प्रशांत कुमारजी महाराज (बृहन्मंदिर, मुंबई) की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गिरिराज तलहटी की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र का विस्तार तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं सुंदर प्राकृतिक वातावरण का निर्माण करना है।
महोत्सव के दौरान तलहटी क्षेत्र में सैकड़ों छायादार, फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्द्धन के प्रति जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
महोत्सव का शुभारंभ 25 जून को सायं 5 बजे गोविंद कुंड, आन्यौर स्थित वन विभाग परिसर में होगा। कार्यक्रम में मथुरा-वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा समृद्धि ज्वैलर्स के लोकेश गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजन में ट्रस्ट के ट्रस्टी निलेश मोदी, सेझल झवेरी एवं चिंतन शाह का विशेष सहयोग रहेगा, जबकि संयोजक पंडित दाऊ दयाल शर्मा संपूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं। वन विभाग गोवर्धन के अधिकारियों के सहयोग एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में श्रद्धालुओं, पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की गई है।



