शहर-राज्य

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा संयुक्त जिला चिकित्सालय का किया गया निरीक्षण, चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम पूछतें हुए चिकित्सकीय सुविधाओं का लिया गया फीडबैक

  उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं/सुविधाओं से सम्बंधित समीक्षा बैठक हुई आयोजित, जिला चिकित्सालय सहित समस्त पी0एच0सी0/सी0एच0सी0 पर मरीजों की सुविधा के दृष्टिगत स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश

आमजन का निःशुल्क एवं गुणवत्तापरक इलाज ही सरकार की मंशा उप मुख्यमंत्री 

चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का उचित देखभाल, चिकित्सकों एवं निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता एवं साफ-सफाई के संबंध में दिये गये निर्देश

मुहम्मद परवेज़ अख्तर 

संतकबीरनगर।  उप मुख्यमंत्री, उ0प्र0 सरकार बृजेश पाठक  ने  जनपद आगमन के दौरान सयुंक्त जिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर  विधायक खजनी श्रीराम चौहान, सदस्य विधान परिषद संतोष सिंह,  जिला अध्यक्ष भाजपा नीतू सिंह, विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी,  विधायक धनघटा गणेश चन्द्र चौहान एवं पार्टी पदाधिकारीगण, जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। 

जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री द्वारा मुख्य चिकित्साधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से चिकित्सालय मे चिकित्सकों, मेडिकल उपकरणों, एम्बुलेन्स की संख्या एवं त्वरित उपलब्धता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपलब्धता आदि के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश व मार्गदर्शन दिये। 

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने एमर्जेन्सी कक्ष, आर्थोपैडिक वार्ड, मेडिकल वार्ड, सहित समस्त चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण करते हुए वार्डो में भर्ती मरीजों से उनका कुशल-क्षेम जाना तथा चिकित्सकों/मेडिकल स्टाफ द्वारा मुहैया कराई जा रही चिकित्सकीय सेवाओं, निःशुल्क दवाओं व भोजन आदि के बारे में फीड बैक लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों के वार्ड, साफ-सफाई, डॉक्टर कक्ष, दवा सेंटर, इमेरजेंसी सेवा, अक्सीजन सप्लाई आदि का गहनता से निरीक्षण करते हुए स्वास्थ विभाग के अधिकारियों/चिकित्सकों को निर्देशित किया कि आम जन मानस कों स्वास्थ सेवा दिए जाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। आमजन का निःशुल्क एवं गुणवत्तापरक इलाज हो, यही सरकार की मंशा है।

मा0 उप मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही मिलनी चाहिए और किसी भी मरीज को बाहर से दवा लिखने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारी समय पर अस्पताल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर सम्बंधित चिकित्सक/मेडिकल स्टाफ के विरूद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के उपरान्त उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जनपद के स्वास्थ्य सेवाओं/सुविधाओं की समीक्षा बैठक चिकित्सालय के हॉल में आयोजित हुई। समीक्षा के दौरान  उप मुख्यमंत्री द्वारा जिला चिकित्सालय सहित समस्त पी0एच0सी0 एवं समस्त सी0एच0सी0 पर उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं के बारे में सी0एम0ओं एवं सी0एम0एस0 से आकड़ेवार जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि जनपद के समस्त चिकित्सालयों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपलब्धता, एन्टीवेनम सहित समस्त प्रकार के वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। चिकित्सालयों पर चिकित्सकों एवं समस्त पैरामेडिकल स्टाफ की डयूटी के अनुसार उपस्थित सुनिश्चित करायी जाए। इसका रूटिंग निरीक्षण भी किया जाए और किसी चिकित्सक या स्टाफ द्वारा लापरवाही किये जाने अथवा डयूटी पर अनुपस्थित पाये जाने पर उसके विरूद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन व गरीबों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापरक इलाज की सुविधा उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि इसके लिए चिकित्सक मरीजों की आवश्यकतानुसार काउनसलिंग भी करें जिससे मरीज निजी अस्पतालों के बजाय सरकारी अस्पतालों में अपना निःशुल्क इलाज कराये। 

जनपद में एम्बुलेंस की संख्या एवं त्वरित उपलब्धता की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जनपद में एम्बुलेंस की संख्या अपेक्षाकृत कम है और कुछ एम्बुलेंस खराब स्थिति में है, इसको गम्भीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री द्वारा सीएमओ को निर्देशित किया गया कि खराब एम्बुलेंसों को निष्प्रयोज्य घोषित करते हुए नये एम्बुलेंस की मांग की जाए। उन्होंने तत्काल इस संबंध में डी0जी0 स्वास्थ्य सेे दूरभाष पर वार्ता कर जनपद को आवश्यक एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।  

 उप मुख्यमंत्री द्वारा समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहनी चाहिए। किसी भी मरीज को बाहर की दवा न लिखी जाए। अस्पताल परिसर, वार्डों और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देश दिया गया कि वे मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करें। समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध करायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुँचाने की प्रगति की आकड़ेवार जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। 

इस अवसर पर अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य बस्ती डा0 नीरज पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रामानुज कन्नौजिया, सीएमएस डॉ0 रमाशंकर सिंह, एसीएमओ डॉ0 रामरतन, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, सी0ओ0 यातायात अमित कुमार सहित चिकित्साधिकारी एवं सम्बंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे। 

मा0 उप मुख्यमंत्री जी द्वारा जनपद आगमन के दौरान होटल द बेलेंसिया का फीटाकाट भव्य शुभारम्भ/उद्घाटन किया गया। शुभारम्भ अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता त्रंयम्बक नाथ त्रिपाठी, पूर्व विधायक खलीलाबाद दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे सहित पार्टी पदाधिकारीगण एवं अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button