व्यापार कानून के खिलाफ लामबंद हुए व्यापारी, अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी

-पूर्व से ही आय कर, बिक्री कर सहित अनेक टैक्स वसूल रही है सरकार
जहांगीराबाद। नगर के व्यापारिक संगठनों ने सरकार द्वारा हाल ही में पेश किए गए नए ‘व्यापार कानून’ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। व्यापारी संगठनों का आरोप है कि यह कानून न केवल उनके हितों के खिलाफ है, बल्कि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यवसायियों के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा कर सकता है। व्यापारी सुरक्षा फोरम के आवाहन पर मंगलवार की शाम नगर स्थित सेठ चमेली देवी बारात घर में एक विशाल सभा में व्यापारिक संघों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सरकार को अल्टीमेटम दिया है।
बता दें कि सरकार द्वारा व्यापार लाइसेंस कानून लागू किये जाने से नाराज व्यापारी संगठनों ने मंगलवार की शाम नगर स्थित सेठ चमेली देवी बारातघर में एक व्यापारी सभा का आयोजन किया। आयोजित सभा में नगर के ज्यादातर व्यापारियों ने भाग लेकर सरकार द्वारा लागू व्यापार कानून के खिलाफ अपनी नाराजगी स्पष्ट कर दी है। आयोजित सभा में व्यापारी सुरक्षा फोरम के नगर अध्यक्ष रोहित पहाड़ी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, व्यापारी पर जबरन थोपे जा रहे इस कानून के खिलाफ हमने सरकार तक अपनी बात पहुँचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन हमारी मांगों को अनसुना कर दिया गया। अब हमारे पास सड़क पर उतरने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। वहीं जयभगवान ने कहा है कि व्यापारी एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाये। यदि इस नए कानून में संशोधन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो व्यापारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। साथ ही निर्णय लिया गया कि बुधवार को एसडीएम अनूपशहर से वार्ता कर व्यापार लाइसेंस पर रोक लगाने की मांग की जाएगी। वहीं एडवोकेट गौरव गुप्ता ने कहा कि सरकार पहले से ही व्यापारियों से आयकर, बिक्री कर, सहित अनेक कर वसूल रही है, ऐसे में नए-नए टैक्स और अब व्यापार लाइसेंस के नाम पर व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है। आयोजित सभा के दौरान व्यापारियों ने एक स्वर में प्रशासन से व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की।



