ग़ाज़ियाबाद

आग से लड़ने वाले बने योग के साधक, सभी फायर स्टेशनों पर गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश

गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा, गाजियाबाद की ओर से कमिश्नरेट क्षेत्र के सभी फायर स्टेशनों पर रविवार को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग के माध्यम से शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से सशक्त तथा कार्य के प्रति अधिक दक्ष बनने के लिए प्रेरित करना था। पूरे जनपद में उत्साह और अनुशासन के साथ योग दिवस मनाया गया। मुख्य आयोजन फायर स्टेशन वैशाली में हुआ, जहां मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल की उपस्थिति में प्रभारी अधिकारी एवं समस्त स्टाफ ने सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इसी क्रम में जिले के अन्य सभी फायर स्टेशनों पर भी प्रभारी अधिकारियों के निर्देशन में कर्मचारियों ने योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया। सीएफओ राहुल पाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता, मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास तथा कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि अग्निशमन एवं आपात सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण कार्यक्षेत्र में कार्यरत कार्मिकों के लिए योग तनाव कम करने, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने और शारीरिक सहनशक्ति बढ़ाने में बेहद प्रभावी साबित होता है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे तथा स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर अपनी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। योग दिवस के इस आयोजन ने फिट फायर सर्विस और स्वस्थ समाज का सशक्त संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button