शहर-राज्य

आगरा में युवक की हत्या के प्रयास का खुलासा, 24 घंटे में तीन शातिर गिरफ्तार

आगरा से ब्यूरो चीफ मयूर खान

आगरा कमिश्नरेट के थाना एत्माद्दौला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। आरोपियों को नगला छदामी रेलवे लाइन के पास खाली मैदान से गिरफ्तार किया गया है।

थाना एत्माद्दौला में 10 नवंबर को एक महिला ने तहरीर दी थी कि 15 से 16 लड़कों ने उसके बेटे को घेर कर बुरी तरह पीटा। जब वह अपने बेटे को बचाने पहुंची तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 363/2026 पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर इस मुकदमे में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी नगला छदामी की ओर रेलवे लाइन के पास मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिल्ला उर्फ बबलू पुत्र मनोज यादव, रंजीत पुत्र महेश चन्द्र और रवि कश्यप पुत्र भोलाराम कश्यप के रूप में हुई है, जो सभी प्रकाश नगर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी बिल्ला उर्फ बबलू एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ एत्माद्दौला थाने में ही लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी रंजीत पर भी लूट और हत्या के प्रयास के मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button